मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की नजर, त्योहार से पहले मिठाई दुकानों में छापेमारी

मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की नजर, त्योहार से पहले मिठाई दुकानों में छापेमारी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पर्व-त्योहार को देखते हुए मिलावटी और अवमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभाग की अलग-अलग टीमों ने गिरिडीह शहर के भंडारीडीह, पटेल नगर चौक और सिरसिया समेत मंडरो व चतरो क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, पूजा कुमारी और पूजा भगत ने शहर के प्रतिष्ठानों में पनीर, खोआ, मिल्क केक, लड्डू, सॉस, चटनी सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान भंडारीडीह स्थित गोपाल मिष्ठान भंडार से लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। नमूने को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशुतोष चंद्र गहलोत ने मंडरो और चतरो क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और खाद्य सामग्रियों की जांच की। बिना वैध फूड लाइसेंस के कारोबार करते पाए गए प्रतिष्ठानों को तत्काल लाइसेंस लेने का निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया।

संदिग्ध पनीर-खोआ मिलने पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को निर्देश दिया है कि पनीर, खोआ समेत अन्य खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंसधारी और अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें। अवैध या संदिग्ध स्रोत से प्राप्त मिलावटी खाद्य सामग्री पाए जाने पर उसे जब्त कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को वैध लाइसेंस के बिना कारोबार नहीं करने, खाद्य सामग्री को अखबार में लपेटकर नहीं बेचने तथा प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावट के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top