मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गिरिडीह में SIR-2026 की समीक्षा की, बोले – कोई भी पात्र मतदाता अधिकारों से वंचित न रहे

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गिरिडीह में SIR-2026 की समीक्षा की, बोले – कोई भी पात्र मतदाता अधिकारों से वंचित न रहे

 प्रेमदान अनाथालय और वृद्धाश्रम का किया निरीक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : समाहरणालय सभागार में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में SIR के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई।

बैठक के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित अद्यतन प्रगति की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की गई। उपलब्ध प्रगति के अनुसार 05 अगस्त से 29 सितंबर तक जिले में फॉर्म-6 के कुल 49,612 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं दावा एवं आपत्ति से संबंधित फॉर्म-7 के कुल 569 आवेदन तथा फॉर्म-8 के कुल 55,626 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में इन आवेदनों के निष्पादन की स्थिति एवं लंबित मामलों के कारणों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में SIR के तहत मतदाताओं को प्राप्त हो रहे नोटिसों की सुनवाई एवं संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त नोटिसों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुनवाई एवं दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक कठिनाई न हो।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधारने अथवा हटाने से संबंधित फॉर्म-6, 6A, 7 एवं 8 भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। श्री के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इसके बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, श्री के. रवि कुमार ईसाई मिशनरी द्वारा संचालित अनाथालय ‘प्रेमदान’ पहुंचे। यहां उन्होंने निवास कर रही महिलाओं एवं सेविकाओं से SIR के तहत फॉर्म भरने एवं मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे संस्थानों में रहने वाले लोगों की दस्तावेज संबंधी समस्याओं की पहचान कर नियमों के अनुरूप आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया में कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी एवं आवश्यक प्रक्रिया के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शहर स्थित वृद्धाश्रम भी पहुंचे। श्री के. रवि कुमार ने वृद्धजनों से सीधे संवाद करते हुए उनके मतदाता सूची में नाम दर्ज होने एवं उपलब्ध दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली। बातचीत के दौरान कुछ बुजुर्गों ने बताया कि घर छोड़कर वृद्धाश्रम में रहने के कारण उनके कई आवश्यक दस्तावेज घर पर ही रह गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की सुविधा के लिए विशेष शिविर आयोजित कर मतदाता सूची एवं पहचान संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराने की व्यवस्था की जाए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top