तालाब में डूबने से 3 मासूमों की मौत, जामताड़ा के चेगायडीह की घटना
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जताया गहरा शोक
डीजे न्यूज, जामताड़ा: जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है। इस हृदयविदारक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक ही गांव के तीन मासूम बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अपने प्रतिनिधि के रूप में अजहरुद्दीन को तत्काल पीड़ित परिवार के बीच पहुंचकर हरसंभव सहयोग करने का निर्देश दिया।
मंत्री के निर्देश पर अजहरुद्दीन ने चेगायडीह गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और इस असहनीय दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े होकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे गांव का दुख है। मासूम बच्चों को खोने का दर्द शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। इस कठिन घड़ी में परिवार खुद को अकेला न समझे, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और उनकी पूरी टीम परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
अजहरुद्दीन ने मौके पर ही जिला प्रशासन एवं सीईओ को बुलाकर पूरे मामले को संज्ञान में लिया और घटना से जुड़े आवश्यक पहलुओं पर तत्काल कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों की इस तरह असमय मौत बेहद पीड़ादायक और हृदयविदारक है। ऐसी त्रासदी ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। पीड़ित परिवार के दुख को कम तो नहीं किया जा सकता, लेकिन इस विपत्ति की घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। हर संभव स्तर पर परिवार के साथ खड़ा रहना हमारी जिम्मेदारी है।
इस दौरान परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की ओर से शोकाकुल परिवार को भरोसा दिलाया गया कि दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई के लिए लगातार पहल की जाती रहेगी।