स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहन देकर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना प्राथमिकता : उपायुक्त
TEJAS पहल के तहत कार्यशाला आयोजित, उद्यमियों एवं स्टार्टअप्स को सरकारी योजनाओं दी गई जानकारी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उद्यमिता, स्टार्टअप एवं MSME क्षेत्र को बढ़ावा देने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं सहायता तंत्र की जानकारी उद्यमियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में जिला उद्योग केंद्र (DIC), गिरिडीह के तत्वावधान में TEJAS पहल के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी, मनीष तिवारी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता, श्री यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिले में उद्यमिता एवं MSME क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक है कि उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग, प्रशिक्षण एवं अन्य सुविधाओं की सही और समयबद्ध जानकारी उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र उद्यमियों तक प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यशाला में शामिल उद्यमियों एवं प्रतिभागियों से उपलब्ध सरकारी अवसरों की जानकारी लेकर उसका लाभ उठाने तथा नए उद्यमों के माध्यम से रोजगार सृजन में योगदान देने का आह्वान किया।
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि ग्रामीण एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में MSME और छोटे उद्यमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं उद्यमियों को केवल योजना की जानकारी ही नहीं, बल्कि योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता एवं बाजार से जुड़ाव की भी जानकारी मिलना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यशाला के दौरान DPIIT एवं Startup India के प्रतिनिधियों द्वारा Startup India पहल, स्टार्टअप नीति एवं DPIIT Startup Recognition के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को स्टार्टअप पंजीकरण, उपलब्ध नीतिगत लाभ, नवाचार, बौद्धिक संपदा अधिकार, इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग, सरकारी खरीद एवं अन्य सहायता तंत्र के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। वहीं JIIDCO, Ranchi के प्रतिनिधि श्री विकास कुमार द्वारा झारखंड सरकार की Startup एवं MSME Schemes पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। उन्होंने राज्य की विभिन्न स्टार्टअप एवं MSME योजनाओं, प्रोत्साहन, निवेश सुविधाओं, उद्यम स्थापना एवं विस्तार, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास, बाजार संपर्क तथा संस्थागत सहयोग से संबंधित जानकारी साझा की।
कार्यशाला के दौरान उद्यमियों एवं प्रतिभागियों को DIC, DPIIT, Startup India एवं JIIDCO के प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने स्टार्टअप नीति, MSME योजनाओं, पंजीकरण, वित्तीय सहायता एवं अन्य सरकारी सुविधाओं से संबंधित अपने प्रश्न रखे, जिनका संबंधित प्रतिनिधियों द्वारा समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री अविनाश कुमार, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड, गिरिडीह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। उन्होंने कार्यशाला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों, उद्यमियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन द्वारा TEJAS पहल के माध्यम से उद्यमियों, स्टार्टअप्स एवं MSMEs को आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर समन्वय एवं सहयोग सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।