टुंडी के नया प्राथमिक विद्यालय चकामानपुर में एक माह से बंद है मध्याह्न भोजन

टुंडी के नया प्राथमिक विद्यालय चकामानपुर में एक माह से बंद है मध्याह्न भोजन

संकुल साधन सेवी की जांच से खुलासा, रिपोर्ट देने के बावजूद सुधार नहीं

आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ने की चेतावनी

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : नया प्राथमिक विद्यालय चकामानपुर में पिछले एक महीने से मध्याह्न भोजन बंद है। इस कारण क्षेत्र के गरीब आदिवासी बच्चों को बिना भोजन किए ही स्कूल से लौट जाना पड़ रहा है। इसका प्रभाव बच्चों की उपस्थिति पर पड़ रहा है। इसका खुलासा संकुल साधन सेवी की जांच से हुआ है। आश्चर्य की बात तो यह है कि संकुल साधन सेवी के प्रखंड से लेकर जिला स्तर पर रिपोर्ट करने के बावजूद स्थिति में बदलाव नहीं हुआ है। इधर मध्याह्न भोजन बंद होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ने की चेतावनी दी है।

अब हम आपको इस विद्यालय की स्थिति की पूरी जानकारी दे रहे हैं।

संकुल साधन सेवी तीन सितंबर को इस विद्यालय में अनुश्रवण के लिए पहुंचे थे। पाया कि मध्याह्न भोजन का प्रबंध नहीं था। पूछने पर बच्चों ने बताया कि यहां 27 अगस्त से ही मध्याह्न भोजन बंद है। संकुल साधन सेवी ने स्कूल के अनुश्रवण पंजी में अनुश्रवण प्रतिवेदन दर्ज कर दिया। साथ ही जिले के अनुश्रवण ग्रुप मेंं भी भेज दिया। इसके बाद उसी दिन प्रखंड स्तर पर प्रतिवेदन भेज दिया। इसके बाद दो संकुल साधन सेवी 26 सितंबर की सुबह करीब दस बजे फिर से अनुश्रवण के लिए उसी विद्यालय पहुंचे थे। प्रधान शिक्षक राजेश्वर मुर्मू अनुपस्थित थे जबकि सहायक अध्यापक अखिलेश कुमार मंडल मौजूद थे और विद्यालय का संचालन कर रहे थे। वहीं मध्याह्न भोजन बंद था। पूछने पर बच्चों ने बताया कि उनके पिछले अनुश्रवण के बाद सिर्फ दो दिन आठ और नौ अगस्त को मध्याह्न भोजन मिला था। उसके बाद से बंद है। संकुल साधन सेवी ने अनुश्रवण के बाद अपनी रिपोर्ट प्रखंड प्रसार शिक्षा पदाधिकारी को भेजा और प्रधान शिक्षक पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल वहां से हटाकर दूसरे किसी विद्यालय में प्रतिनियुक्त करने की अनुशंसा की। रिपोर्ट में यह भी बताया कि दोनों शिक्षकों को ऑन लाइन काम करने की कोई जानकारी नहीं है। इस कारण काम कराने के लिए दोनों बराबर स्कूल से बाहर जाते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है। रिपोर्ट में स्कूल भवन के जर्जर होने की भी जानकारी दी गई है। बताया कि छत से पानी चूता है और प्लास्टर भी झड़ गया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top