टुंडी के गुलियाडीह में हाथियों के कुचलने से सहायक अध्यापक की मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद :
टुंडी प्रखंड के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत जातखूंटी पंचायत के गुलियाडीह में सोमवार की देर रात हाथियों के कुचलने से नया प्राथमिक विद्यालय गुलियाडीह के सहायक अध्यापक गिरजा मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इधर घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। साथ ही मंगलवार की सुबह 8 बजे तक वन विभाग या अन्य किसी प्रशासनिक अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर भी ग्रामीणों के बीच काफी आक्रोश है। मौके पर बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ है। विदित हो कि महीने भर से टुंडी क्षेत्र में हाथियों ने डेरा जमाए हुए है। वन विभाग के द्वारा किसी तरह की ठोस पहल नहीं करने पर भी लोगों के बीच भारी नाराजगी है।