टुंडी के संग्रामडीह में बारिश से दो गरीब आदिवासियों का घर ध्वस्त, बाल-बाल बचा परिवार
बेघर हुए दोनों परिवारों के लिए तत्काल आवास बनवाने की मुखिया ने बीडीओ से की मांग, राहत के लिए 25-25 किलो अनाज देने का पीडीएस दुकानदार को निर्देश
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : भारी बारिश के कारण रविवार की सुबह करीब पांच बजे लुकैया पंचायत के संग्रामडीह के पनडुंगरी गांव में दो गरीब आदिवासियों का घर ध्वस्त हो गया। साथ ही घर के अंदर रखे अनाज समेत सभी सामान नष्ट हो गए। दोनों परिवारों को सरकार की ओर से किसी तरह के आवास की सुविधा पूर्व में नहीं मिली है।
इसमें एक पीड़ित महिला है जिनका पति नहीं है। स्थानीय मुखिया मनोज मुर्मू ने बेघर हुए दोनों परिवारों के लिए बीडीओ से तत्काल आवास बनवाने की मांग की है।
पहली घटना में युगल सोरेन और उसके परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। युगल सोरेन और उसके परिवार के सभी सदस्य सोकर उठने के बाद बगान की ओर गए थे। तभी उनके आवास का का दीवार और छत ध्वस्त हो गया। यह संयोग ही था कि पूरा परिवार कुछ देर पहले घर से बाहर निकला था अन्यथा आज एक बड़ा हादसा हो जाता।
दूसरी घटना भी लगभग उसी समय घटी। यहां मनकी मंझियान का आवास बारिश के कारण ध्वस्त हो गया। मनकी मंझियान भी संयोग से घटना के समय घर से बाहर निकली थी। उसके भी घर के अंदर रखे सभी सामान नष्ट हो गए।
एक साथ दो परिवारों के घर विहीन होने से गांव के लोग दुखी हैं। मुखिया ने जनवितरण दुकानदार को दोनों परिवारों को राहत के लिए तत्काल 25-25 किलो अनाज देने कहा है। दोनों परिवारों को तत्काल रहने की व्यवस्था के लिए मुखिया व गांव के लोग लगे हुए हैं।