एकड़ा में जमीन से निकला धुआं, इलाके में मची अफरा-तफरी
डीजे न्यूज, धनबाद: लोयाबाद थाना क्षेत्र के एकड़ा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक जमीन से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी बीसीसीएल को दे दी है। सूचना के काफी देर बाद बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह से धुआं निकल रहा है, उसके नीचे कभी बीसीसीएल की ओर से कोयला निकाला जाता था। बाद में इस स्थल को बालू से भरा जाना था। लेकिन बीसीसीएल की तरफ से बालू की भराई का कार्य नही किया गया। लोगों के मुताबिक, तेज बारिश के बाद जब जमीन में नमी बढ़ती है, तो इस इलाके में जमीन के नीचे से इसी तरह धुआं निकलता है।
लोगों को डर है कि कहीं एकड़ा में भी टंडावाडी, छाताबाद, सिजुआ और लोयाबाद की मुस्लिम पट्टी जैसी भू-धंसान या आग से जुड़ी घटना न हो जाए।