पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा : सुरेश साव

पंडित दीनदयाल के अंत्योदय के विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा : सुरेश साव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं गिरिडीह विधानसभा के भाजपा नेता सुरेश साव के शास्त्री नगर स्थित आवासीय कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सुरेश साव सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मौके पर सुरेश साव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान का साधन माना। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्रधर्म’ और ‘पाञ्चजन्य’ के माध्यम से पंडित दीनदयाल ने राष्ट्रीय चिंतन को स्वर दिया और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल का पूरा जीवन राष्ट्र साधना और भारत की सांस्कृतिक चेतना को समर्पित रहा। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान को राष्ट्र की प्रगति का आधार मानने वाला उनका चिंतन आज भी जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा देता है। उनका ध्येयनिष्ठ जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना सदैव मार्गदर्शन करती रहेगी।

कार्यक्रम में सुभाष सिन्हा, सुमन सिन्हा, राजेश जायसवाल, शैबाल घोष, अमर सिन्हा, राहुल कुमार, पीयूष सिन्हा एवं प्रवीन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top