सरकारी प्रतीक्षालय की अवैध घेराबंदी पर निगम ने लगाई रोक

सरकारी प्रतीक्षालय की अवैध घेराबंदी पर निगम ने लगाई रोक

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): नगर निगम की टीम और स्थानीय पार्षद सोमवार को कतरास के लिलोरी स्थान मुक्तिधाम पहुंचे। टीम ने श्मशान घाट परिसर स्थित सरकारी प्रतीक्षालय की कथित घेराबंदी और निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बगैर नगर निगम की अनुमति के मंदिर परिसर की घेराबंदी करने के लिए पक्की दीवार का निर्माण देख अधिकारी अचंभित रह गए। अधिकारियों ने तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
कतरास नगर निगम के सिटी मैनेजर रोहित राहुल समद ने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि बिना अनुमति के ही निर्माण की जा रही थी। वरीय पदाधिकारी को इसकी जानकारी दी जाएगी। उनके दिशा निर्देश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्य का विरोध करने वाले समाजसेवी राजेश स्वर्णकार ने कहा कि मुक्तिधाम में दाह संस्कार के लिए दूर-दराज और आसपास से लोग पहुंचते हैं। गर्मी और बारिश के दौरान लोग मंदिर परिसर के पेड़ और प्रतीक्षालय का सहारा लेते हैं। ऐसे में प्रतीक्षालय की घेराबंदी कर दी जाती है तो अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने नगर निगम से सार्वजनिक सुविधा वाले स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखने की मांग की।

मौके पर पार्षद डा. मधुबाला, नगर निगम के सिटी मैनेजर रोहित राहुल संपत, टैक्स दरोगा राकेश कुमार सिन्हा, सुपरवाइजर विक्की कुमार, राहुल लायक, शिबू कुमार, संतोष गोप, समाजसेवी राजेश स्वर्णकार, विशाल महतो, विकाश डोम थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top