अभिजीत गांगुली की स्मृति में जूनियर फुटबॉल लीग का शुभारंभ उद्घाटन मुकाबले में बलियापुर एफसी ने मलकेरा एफसी को 3-0 से हराया

अभिजीत गांगुली की स्मृति में जूनियर फुटबॉल लीग का शुभारंभ

उद्घाटन मुकाबले में बलियापुर एफसी ने मलकेरा एफसी को 3-0 से हराया

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिला फुटबॉल संघ की ओर से पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय अभिजीत गांगुली की स्मृति में आयोजित धनबाद जिला जूनियर फुटबॉल लीग का सोमवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में बलियापुर फुटबॉल क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलकेरा एफसी को 3-0 से पराजित किया।
मैच शुरू होने से पूर्व जिला फुटबॉल संघ के महासचिव मृदुल बोस ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को स्वर्गीय अभिजीत गांगुली के जीवन, खेल उपलब्धियों और फुटबॉल के क्षेत्र में उनके योगदान की जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त सचिव उदय मिश्रा, सहायक सचिव सुनील मिश्रा, सुभाष लोध, संतोष रजक, जिला स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर रिंकी गुप्ता, दोनों टीमों के कोच, मैनेजर एवं खिलाड़ियों ने दिवंगत खिलाड़ी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा।
मुकाबले में बलियापुर एफसी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम की ओर से पप्पू कुमार ने 16वें मिनट, बनवारी कुमार ने 27वें मिनट तथा सुरेंद्र गोड़सवाल ने 63वें मिनट में गोल कर टीम को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई। मलकेरा एफसी की टीम पूरे मैच में कोई गोल नहीं कर सकी।
मैच में निर्णायक की भूमिका संजय हेंब्रम, जेवियर टुडू, रवि लाल हेंब्रम और पूजा कुमारी ने निभाई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top