यूपीआई शुल्क के मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने केंद्र को घेरा, बोले- आम जनता पर नहीं पड़े बोझ
डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : देवरी प्रखंड के चतरो स्थित आवास पर रविवार को कांग्रेस नेता धनंजय कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यूपीआई से जुड़े शुल्क के मुद्दे पर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले पर पुनर्विचार करने की मांग की और कहा कि किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क अंततः आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा सकता है।
धनंजय कुमार सिंह ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि वह अमेरिका के दबाव या प्रभाव में आकर ऐसी नीतियां लागू न करे, जिनका असर आम जनता पर पड़े। उन्होंने कहा कि देशहित में नीतियों को लेकर सरकार को आम लोगों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने देशवासियों से भी आपसी एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को हिंदू-मुस्लिम के नाम पर विभाजित होने के बजाय देश के व्यापक हितों को समझने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से सामाजिक सौहार्द और देश की एकता को मजबूत करने में भूमिका निभाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि देश के विकास और एकता के लिए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और इंदिरा गांधी के योगदान को याद करते हुए युवाओं को देशहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने यूपीआई से संबंधित प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था का विरोध करने की बात कही।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला परिषद सदस्य बिमल कुमार सिंह, राजेंद्र नारायण देव, माजो राय, अनिल चौधरी, पुरुषोत्तम चौधरी और गौतम राय समेत अन्य लोग मौजूद थे।