जपला सीमेंट फैक्ट्री के बाबू लाइन मंदिर में फिर सजेगा मां दुर्गा का दरबार, पुरानी कमेटी रहेगी कायम
डीजे न्यूज, जपला : जपला सीमेंट फैक्ट्री के बाबू लाइन मंदिर परिसर में रविवार को दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया मनोज भारती ने की, जबकि संचालन सचिन शर्मा ‘मंटू शर्मा’ ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व की दुर्गा पूजा कमेटी को ही यथावत रखते हुए इस वर्ष भी पूजा का आयोजन पारंपरिक तरीके से किया जाएगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं धर्मप्रेमियों ने हर्षोल्लास के साथ दुर्गा पूजा मनाने का संकल्प लिया। साथ ही उन धर्मप्रेमियों के प्रति आभार जताया गया, जो जपला से बाहर रहने के बावजूद लगातार सहयोग राशि भेजकर पूजा आयोजन में योगदान देते आ रहे हैं। सदस्यों ने कहा कि भले ही लोग रोजगार या अन्य कारणों से दूर चले गए हैं, लेकिन उनका मन आज भी जपला की गलियों और पुरानी यादों से जुड़ा हुआ है।
बैठक में कहा गया कि जपला सीमेंट फैक्ट्री का गौरवशाली अतीत भले ही वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उस दौर की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में बाबू लाइन मंदिर में दुर्गा पूजा की पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
पूजा कमेटी में नीरज कुमार गुप्ता ‘लक्षु’ को अध्यक्ष, सचिन शर्मा ‘मंटू शर्मा’ को सचिव, रमेश राम डीलर को कोषाध्यक्ष, मोहन चौधरी को उपाध्यक्ष, छोटन गुप्ता को उपसचिव और मोहसिन खां को मीडिया प्रभारी बनाया गया। वहीं मनोज भारती, पूर्व मुखिया रामा शंकर चौधरी और समाजसेवी सुरेंद्र चौधरी को संरक्षक तथा भरत पांडेय ‘मनु पांडेय’ को व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई।
बैठक में कृष्णकांत अवस्थी, अशोक विश्वकर्मा, काजू, काजू सिंह समेत दर्जनों उत्साही युवक उपस्थित रहे। इस दौरान हार्वे हाई स्कूल परिवार एवं ‘जपला परिवार’ से जुड़े सदस्यों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जो वर्षों से बाबू लाइन मंदिर में दुर्गा पूजा आयोजन के लिए सहयोग करते आ रहे हैं।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि मां जगदंबे की कृपा और सभी के सहयोग से इस वर्ष भी पूजा का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जाएगा। पूर्वजों द्वारा स्थापित परंपराओं और पूजा की पद्धति को आगे बढ़ाना ही आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।