पैक्सों के जरिए किसानों को मिलेगा ऋण का लाभ, देवरी में पैक्स संघ का गठन
डीजे न्यूज, देवरी,गिरिडीह : देवरी प्रखंड की सिखरुडीह पंचायत भवन में रविवार को सहकारिता क्षेत्र से जुड़े पदाधिकारियों, विभिन्न पैक्स अध्यक्षों एवं प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को सहकारी व्यवस्था से अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा पैक्सों की गतिविधियों को मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में राज्य सहकारी बैंक की अध्यक्ष विभा सिंह, झारखंड सहकारिता के सेवानिवृत्त रजिस्ट्रार जयदेव सिंह, सुबल कुमार सिंह, भुवनेश्वर के मंडल प्रबंधक सुमित कुमार, रविशंकर समेत देवरी प्रखंड के विभिन्न पैक्सों के अध्यक्ष एवं प्रबंधक मौजूद थे।
बैठक में सभी पैक्सों को कम से कम 20 किसानों का केसीसी कराने की दिशा में पहल करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा मैया सम्मान योजना के लाभुकों को अधिक से अधिक संख्या में पैक्सों में खाते खोलने के लिए प्रेरित करने तथा उन्हें 20-20 हजार रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने की बात कही गई। पदाधिकारियों ने किसानों को सहकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और पैक्सों के माध्यम से बैंकिंग सुविधा को मजबूत करने पर जोर दिया।
मनोज राय बने पैक्स संघ के अध्यक्ष
बैठक के दौरान देवरी पैक्स संघ का चुनाव भी कराया गया। इसमें सर्वसम्मति से मनोज कुमार राय को अध्यक्ष चुना गया। वहीं अनिल यादव और छोटू साव को उपाध्यक्ष, अनिल कुमार शर्मा को सचिव तथा दशरथ शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
मौके पर मुरारी प्रसाद सिंह, प्रेमचंद राय, सत्यानंद राय, कामेश्वर यादव, रवि कुमार दास, संदीप सिंह, सुरेश राय, जोधी दास, पप्पू साव, कृष्णदेव राय, प्रकाश यादव और पंचम सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे।