मांदर की थाप पर थिरके कदम, दिशोम मांझीथान में गूंजा करमा का उल्लास
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन स्थित दिशोम मांझीथान में रविवार को करमा पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मरांग बुरु पारसनाथ की तराई में स्थित मांझीथान में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद करमा मिलन समारोह आयोजित हुआ। इसमें पारसनाथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए।
समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा नेता एवं झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने दिशोम मांझीथान पहुंचकर दर्शन-वंदन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
करमा पर्व के मौके पर दिशोम मांझीथान में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की मनमोहक झलक देखने को मिली। मांदर की थाप और पारंपरिक गीतों के बीच महिलाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह भर दिया। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों ने भी पारंपरिक तरीके से पर्व मनाया।
वक्ताओं ने कहा कि करमा पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह प्रकृति, कृषि, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता से जुड़ा पर्व है। पर्व के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और अपनी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी दिया जाता है।
समारोह में नूनका टुड्डू, सिकंदर हेम्ब्रम, अर्जुन हेम्ब्रम, नुनूलाल मरांडी, जिलाध्यक्ष रंजीत राय, अशोक उपाध्याय, दिनेश यादव समेत कई लोग मौजूद थे।