पालगंज के प्राचीन बंशीधर मंदिर में धूमधाम से मना राधाष्टमी महामहोत्सव, शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : प्रखंड के पालगंज स्थित प्राचीन श्री बंशीधर मंदिर में दो दिवसीय श्री राधाष्टमी महामहोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया।
महोत्सव के दौरान कलश स्थापना, पंचदेव पूजन, नवग्रह पूजन, षोडश मातृका पूजन के साथ प्रधान देव श्री राधा रानी एवं श्री बंशीधर जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद रात्रि जागरण हुआ जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ आराधना की।
शनिवार सुबह 5:30 बजे आह्लादिनी शक्ति श्री राधा रानी का गद्दी दर्शन और जन्म महोत्सव मनाया गया। सुबह 8 बजे से ‘राधा सुधा निधि’ का पाठ और दोपहर 2 बजे गर्ग संहिता के अनुसार जन्मोत्सव एवं दधिकादो महोत्सव हुआ।
शाम 4:30 बजे मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंची। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मौके पर पंडित शिशिर भक्त, शरत भक्त, प्राण बल्लभ भक्त, निकुंज केतन भक्त, चरित्र केतन भक्त, विपुल वत्सल, भगवान भक्त, अनूप वल्लभ भक्त, बप्पी लाहकार, पवन कुमार मंदिलवार, अमित राम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।