मधुबन फुटबॉल मैदान में करम महोत्सव पर झारखंड की संस्कृति की झलक, मांदर की थाप पर थिरकीं महिलाएं
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन फुटबॉल मैदान में शनिवार को आयोजित करम महोत्सव में झारखंड की देशज संस्कृति और लोक परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली। जेएलकेएम के बैनर तले आयोजित महोत्सव में पीरटांड़ प्रखंड सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में युवतियां, महिलाएं और ग्रामीण पहुंचे।
पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में सजी युवतियों और महिलाओं ने मांदर की थाप, लोकगीतों और डीजे की धुन पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। दिन भर फुटबॉल मैदान में मांदर की गूंज और लोकधुनों पर थिरकते कदम आकर्षण का केंद्र बने रहे।
महोत्सव के माध्यम से लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक एकजुटता की झलक प्रस्तुत की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने से दिन भर उत्सव का माहौल बना रहा।