एमएमडीआर संशोधन कानून को वापस लें केंद्र सरकार: झामुमो
डीजे न्यूज, धनबाद : एमएमडीआर के खिलाफ झामुमो ने धनबाद अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को धरना दिया। इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
क्या है संशोधन कानून और क्यों हो रहा है विरोध?
एमएमडीआर संशोधन अधिनियम, 2026 केंद्र सरकार द्वारा लाया गया एक ऐसा कानून है जो राज्यों के खनिज अधिकारों पर सीधा हमला करता है। इस काले कानून के तहत राज्य सरकारों को खनिज अधिकारों और खनिज संपदा वाली जमीनों पर टैक्स, उपकर (Cess) या अन्य लेवी लगाने से रोका गया है। इससे झारखंड जैसे खनिज प्रधान राज्य को प्रतिवर्ष हजारों करोड़ रुपये के राजस्व का भारी नुकसान होगा, जिससे राज्य की जनकल्याणकारी योजनाएं और खनन प्रभावित क्षेत्रों का विकास पूरी तरह ठप हो जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की तानाशाह सरकार ने बिना लोकसभा और राज्यसभा में उचित चर्चा कराए और बिना राज्यों से राय-मशविरा किए इस काले कानून को जबरन थोपने का काम किया है। वक्ताओं ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “झारखंड सरकार और यहाँ की साढ़े तीन करोड़ जनता इस बात को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी कि हमारे जल, जंगल, जमीन और खनिज को लूटने के लिए दिल्ली में बैठकर नियम बना दिए जाएं। यह सीधे तौर पर देश के संघीय ढांचे पर प्रहार है।
धरना कार्यक्रम की समाप्ति के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय अंचल अधिकारी (CO) से मुलाकात की और उन्हें राष्ट्रपति के नाम एक मांग-पत्र (ज्ञापन) सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से इस जनविरोधी और झारखंड-विरोधी कानून में तुरंत हस्तक्षेप करने और इसे वापस लेने की मांग की गई।
नेताओं ने साफ कहा कि यदि केंद्र सरकार इस काले कानून को वापस नहीं लेती है, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा चरणबद्ध तरीके से सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन को और उग्र करेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता धनबाद महानगर अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान और संचालन मंसूर अंसारी ने की।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य डॉ नीलम मिश्रा,जिला संगठन सचिव राज आनंद सिंह, व्यवसाय मोर्चा अध्यक्ष हरीश सिंह, बुद्धिजीवी मोर्चा अध्यक्ष राजू प्रसाद हारी, वरिष्ठ नेता कल्याण भट्टाचार्य, वरीय नेता बलराम महतो,वरीय नेता देबू महतो,महानगर उपाध्यक्ष मिहिर दत्ता,नईम अंसारी, वकील दास, महानगर प्रवक्ता आकाश रवानी, संगठन सचिव राजेश तुरी ,राजू प्रामाणिक,शोषण चौधरी, कुणाल कुमार,उत्तम कुमार, सप्पू महतो,आजाद महतो, आशीष पासवान,संजीव कुमार,अनिल चौरसिया, सुदीप दत्ता,सद्दाम हुसैन, हृतिक राणा, आशीष पासवान, अमित महतो, राजेश जालान,पंकज श्रीवास्तव संग सैकड़ों महिला उपस्थित थे।