आईआईटी-आईएसएम में सतत विकास और नवाचार पर मंथन, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IC ADIB 2026 का आगाज

आईआईटी-आईएसएम में सतत विकास और नवाचार पर मंथन, अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IC ADIB 2026 का आगाज

डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में सतत विकास, नवाचार एवं व्यवसाय में प्रगति पर केंद्रित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन IC ADIB 2026 का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। दीप प्रज्वलन और मंगलाचरण गीत के साथ शुरू हुए सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं ने सतत भविष्य के निर्माण को लेकर विचार साझा किए।

उद्घाटन सत्र में सम्मेलन के संयोजक प्रो. हिमांशु गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद डीन (CE&O) प्रो. केका ओझा तथा प्रबंधन अध्ययन एवं औद्योगिक अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप मंडल ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।

सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि दक्षिण अफ्रीका स्थित विट्स विश्वविद्यालय के प्रो. मोइनक मैती ने सतत विकास में डेटा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सूचना और इंटरनेट के मौजूदा दौर में सतत विकास की चर्चा डेटा के बिना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने सतत विकास, नवाचार और तथ्य आधारित निर्णय लेने में डेटा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी ऑफ क्वींसलैंड के प्रोफेसर ऑफ फाइनेंस प्रो. तपन कुमार सरकार ने समकालीन चुनौतियों के समाधान के लिए अंतर्विषयक दृष्टिकोण को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के ज्ञान और दृष्टिकोण को एक साथ लाकर ही जटिल समस्याओं के प्रभावी और सतत समाधान विकसित किए जा सकते हैं।

 

उद्घाटन सत्र के दौरान मंचासीन अतिथियों ने IC-ADIB-26 सम्मेलन पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम का समापन सम्मेलन के सह-संयोजक प्रो. शशांक बंसल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने वक्ताओं, संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं, प्रतिभागियों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार जताया।आईसी एडीआईबी 2026 का उद्देश्य शिक्षाविदों, उद्योग जगत और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाकर सतत विकास, जिम्मेदार व्यवसाय और नवाचार आधारित भविष्य के निर्माण को लेकर संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है। सम्मेलन के दौरान अगले दो दिनों तक विभिन्न विषयों पर ज्ञान-विनिमय और विचार-विमर्श होगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top