गिरिडीह से कोलकाता तक सीधी रेल सेवा का सपना होगा साकार, दुर्गापूजा से पहले नई ट्रेन चलने की उम्मीद

गिरिडीह से कोलकाता तक सीधी रेल सेवा का सपना होगा साकार, दुर्गापूजा से पहले नई ट्रेन चलने की उम्मीद

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीहवासियों की लंबे समय से चली आ रही कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन की मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है। गया से कोडरमा, न्यू गिरिडीह होते हुए पश्चिम बंगाल के संतरागाछी रेलवे स्टेशन तक नई ट्रेन के परिचालन की स्वीकृति की जानकारी सामने आई है। गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार जताया है।

चैंबर के अनुसार, वर्षों पहले गिरिडीह से कोलकाता और पटना आने-जाने के लिए दो स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध थी। पहले इन कोचों को दानापुर एक्सप्रेस और बाद में आनंद विहार एक्सप्रेस से जोड़ा गया था। कोरोना काल के दौरान यह व्यवस्था बंद हो गई। इसके बाद से ही गिरिडीह के लोग लगातार दोनों शहरों के लिए सीधी रेल सेवा की मांग करते रहे हैं।

इस मांग को लेकर गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के साथ रेल मंत्री से भी समय-समय पर मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा था। चैंबर के मुताबिक, प्राप्त सूचना के अनुसार दुर्गापूजा से पहले नई ट्रेन का परिचालन शुरू हो सकता है।

ट्रेन शुरू होने से गिरिडीह से कोलकाता के अलावा गया की यात्रा भी सुगम होगी। चैंबर ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और चैंबर के कार्यकारिणी सदस्य सह भाजपा जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान के प्रयासों के प्रति आभार जताया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top