सूरत में मजदूरी करने गए फिरोज की हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सूरत में मजदूरी करने गए फिरोज की हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

डीजे न्यूज, गिरिडीह : रोजी-रोटी की तलाश में सूरत गए तेलोडीह निवासी मोहम्मद फिरोज अंसारी की मजदूरी के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। 17 सितंबर को बिल्डिंग में काम करने के दौरान नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिरोज अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों और बूढ़े माता-पिता को छोड़ गए हैं। बताया जाता है कि वह परिवार के इकलौते बेटे और मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ-साथ आर्थिक परेशानी भी खड़ी हो गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार की स्थिति की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। मुखिया की ओर से मृतक के पिता लाल मोहम्मद को तत्काल आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

इधर, फिरोज के शव को सूरत से तेलोडीह लाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। शव को गांव तक लाने में होने वाले खर्च के लिए ग्रामीणों और समाज के लोगों की ओर से आपसी सहयोग से राशि जुटाई जा रही है। ग्रामीणों का प्रयास है कि फिरोज का शव सम्मानपूर्वक गांव लाकर अंतिम संस्कार कराया जा सके।

 

परिजनों और स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि घर-जमीन के लेनदेन से जुड़े पैसों को लेकर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से दबाव बनाए जाने के कारण फिरोज पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

फिरोज की मौत की खबर से तेलोडीह और खुट्टा क्षेत्र में शोक की लहर है। परिवार के लिए रोजी-रोटी जुटाने दूर प्रदेश गए फिरोज के अचानक चले जाने से उनके बूढ़े माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चों के सामने भविष्य को लेकर बड़ी चिंता खड़ी हो गई है। स्थानीय लोग परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top