विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का कड़ा रूख
भू-धंसान प्रभावित स्कूलों को सुरक्षित जगह पर स्थानांतरण करने का निर्देश
डीडीसी ने खनन कंपनी को लगाई फटकार, खनन कार्य पर रोक लगाने का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, धनबाद: भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र में संचालित विद्यालयों के सुरक्षित स्थानांतरण को लेकर बुधवार को डीडीसी सन्नी राज की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न विद्यालय भवनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए सुरक्षा एवं स्थानांतरण की आवश्यकता की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जो विद्यालय भवन तत्काल स्थानांतरण योग्य हैं, उन्हें बिना विलंब सुरक्षित वैकल्पिक भवन या स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयवार स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में एक विद्यालय के समीप चल रहे खनन कार्य का मामला भी सामने आया। इस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित खनन कंपनी को कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक पत्राचार कर विद्यालय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खनन कार्य पर तत्काल रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जो विद्यालय खनन क्षेत्र, भू-धंसान प्रभावित क्षेत्र अथवा सुरक्षित जोन से बाहर स्थित हैं, उन्हें तत्काल चिन्हित कर आवश्यकतानुसार स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, फायर जोन में आने वाले विद्यालयों को भी चिन्हित करने के लिए संबंधित टीम को स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया। ऐसे विद्यालयों की सुरक्षा स्थिति की जांच कर आवश्यकतानुसार उनके स्थानांतरण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय कुमार झा, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के विभिन्न एरिया महाप्रबंधक, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (टाटा परियोजना) सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।