विकास योजनाओं को ससमय करें पूरा : गिरिडीह उपायुक्त 

विकास योजनाओं को ससमय करें पूरा : गिरिडीह उपायुक्त 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने बुधवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एससीए, डीएमएफटी, अनटाइड समेत अन्य मदों तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति और पूर्णता की स्थिति की जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने योजनावार समीक्षा करते हुए लंबित एवं अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

वर्ष 2025-26 की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने को कहा। वहीं लंबित योजनाओं में आ रही तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य समस्याओं का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तत्काल समाधान कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के साथ स्थल निरीक्षण करने और कार्यों की वास्तविक प्रगति का अनुश्रवण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं का लाभ निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप संबंधित क्षेत्र और लाभुकों तक समय पर पहुंचे।

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top