गम्हरिया थाने में महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप अत्यंत गंभीर और शर्मनाक : अन्नपूर्णा देवी

गम्हरिया थाने में महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप अत्यंत गंभीर और शर्मनाक : अन्नपूर्णा देवी

रक्षक ही जब भक्षक बन जाए, तो बेटियां न्याय की गुहार लेकर कहां जाएं 

दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करे झारखंड सरकार, पीड़िता की सुरक्षा और न्याय सर्वोपरि

डीजे न्यूज, रांची : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने में न्याय की गुहार लगाने पहुंची एक पीड़ित महिला के साथ वहां तैनात पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म के मामले पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत गंभीर और शर्मनाक बताया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस पुलिस थाने में महिलाओं को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, वहीं इस प्रकार के गंभीर आरोप सामने आना पूरी कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा, “रक्षक ही जब भक्षक बन जाए, तो न्याय की गुहार लेकर बेटियां आखिर कहां जाएं?”

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राज्य में महिला पुलिस महानिदेशक के होते हुए भी ऐसा मामला सामने आना बेहद चिंताजनक है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने झारखंड सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़िता की सुरक्षा, गरिमा, गोपनीयता एवं न्याय सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कहा कि झारखंड सरकार ऐसे गंभीर मामले में मूकदर्शक नहीं बनी रह सकती। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top