बलियापुर की खबरें:-
ठाकुर अनुकूल चंद्र के विचारों पर चलने का आह्वान
बलियापुर: मोदीडीह सत्संग केंद्र में बुधवार को श्री श्री ठाकुर अनुकूल जी की 139 वां जन्मदिवस एवं सत्संग केंद्र के चतुर्थ स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः कालीन प्रार्थना सभा से हुआ। तत्पश्चात धर्म ग्रंथो का पाठ, संगीतांजलि एवं साधारण सभा का आयोजन किया गया। डॉक्टर नारायण चंद्र महतो ने ठाकुर अनुकूल जी की जीवनी पर विस्तृत प्रकाश डाला तथा उनके विचारों पर चलने का आह्वान किया। मौके पर अनूप कुमार पांडे, सीएल महतो, प्रोफेसर वरुण सरकार, उत्तम पात्र, दिलीप गोप, विनोद बिहारी महतो, नवीन चंद्र महतो, चंडी चरण पांडे, अचिंतो पद पांडे, दीपक कुमार पांडे, बहादुरी मुंडा, राम पद गोराई, शीला महतो, मालती मुंडा आदि थे।
————————————————–
पूर्व वार्ड सदस्य का निधन
बलियापुर: बड़ादाहा पंचायत की पूर्व वार्ड सदस्य 45 वर्षीय सुंदरा देवी का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन से पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। समाचार पाकर जिला परिषद सदस्य श्वेता कुमारी, राजू महतो, मुखिया बीडी महतो आदि उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना प्रकट किया। वह काफी दिनों से बीमार चल रही थी। उनके परिवार में एक पुत्र एवं एक पुत्री है। वह चक्रधर महतो की पत्नी थी।
—————————————————
पूर्व सांसद की जयंती की सफलता को बैठक
बलियापुर: बीबीएम कॉलेज में बुधवार को डिग्री एवं इंटर के प्रध्यापक एवं कालेज कमेटी के सदस्यों की बैठक पूर्व विधायक आनंद महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कॉलेज के संस्थापक व झारखंड आंदोलन के पुरोधा पूर्व सांसद विनोद बिहारी महतो की जयंती पर 23 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने पर विचार किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्राचार्य डॉक्टर जितेंद्र महतो, डॉक्टर राकेश कुमार महतो, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, काशीनाथ मंडल, प्रो वरुण सरकार, अनवर अली खान, डॉ निर्मल महतो, प्रोफेसर मुरली मनोहर, सुनील महतो आदि मौजूद थे।
—————————————————–
सांसद के प्रतिनिधि बने वकील प्रसाद सिंह
बलियापुर: धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने बेलगड़िया गांव के वकील प्रसाद सिंह को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार का प्रतिनिधि नियुक्त किया है। सांसद ने इस संबंध में पत्र प्रेषित कर संबंधित विभाग के कार्यों की समीक्षा एवं निष्पादन हेतु अधिकृत किया है।
————————————————–
56 विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण
बलियापुर: बीआरसी कार्यालय में बुधवार को आयोजित एक समारोह में मध्य विद्यालय बाघमारा एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय दूधिया के 56 विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। मौके पर प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी, बीडीओ प्रभाष चंद्र दास एवं उप प्रमुख आशा देवी आदि थे।
—————————————————
धरना को सफल बनाने के लिए झामुमो ने कसी कमर
बलियापुर: पांडेडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय विद्यालय प्रांगण में बुधवार को झामुमो की बैठक संपन्न हुई। वक्ताओं ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर विधेयक की तीव्र आलोचना करते हुए इसे झारखंड के विकास में बाधक बताया।। इस जनविरोधी बिल के विरुद्ध 19 सितंबर को बलियापुर प्रखंड कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की गई। अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष हैदरअली अंसारी ने की। मौके पर पूर्व मुखिया समीर मुर्मू, राजेंद्र किस्कू, नुनूलाल हेंब्रम, सोनाराम मुर्मू, नरेश हेंब्रम, सुखलाल हेंब्रम, मनोहर हेंब्रम, मो कादिर, कौशल्या सोरेन, शांति देवी, गीता देवी, सुमन किस्कू आदि थे।
————————————————
बाल कलाकारों ने मोहा मन
बलियापुर: आमटाल स्थित शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित गणेश पूजा मेला में मंगलवार की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव के नन्हे बाल कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत संगीत एवं डांस को दर्शकों ने काफी प्रशंसा किया। सफल बनाने में गणेश पूजा कमेटी के सदस्यों का योगदान रहा।