काम के विवाद में मुंशी की हत्या, प्रोजेक्ट मैनेजर समेत चार गिरफ्तार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोंक स्थित बाघमारी मोड़ के पास एचएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी मंजेश कुमार के अपहरण और हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में प्रोजेक्ट मैनेजर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मंजेश कुमार का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरातरी जंगल से बरामद किया गया।
बुधवार को एसपी डॉ. बिमल कुमार ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लखीसराय जिले के सूरजगढ़ा थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव निवासी जनार्दन सिंह के पुत्र मंजेश कुमार के अपहरण की सूचना मिलने के बाद उनके भाई गौतम कुमार के आवेदन पर तिसरी थाना में कांड संख्या 77/26, दिनांक 07 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ खोरीमहुआ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
काम में हस्तक्षेप और डीजल खर्च को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मुंशी मंजेश कुमार के बीच काम में हस्तक्षेप, डीजल और अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार इसी विवाद को लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी ने पिंटू कुमार यादव और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर मंजेश कुमार की हत्या की साजिश रची।
मामले में पुलिस ने इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिंटू कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर जमुई के जंगल से मंजेश कुमार का शव बरामद किया गया।
मोटरसाइकिल, खून लगा पत्थर और डंडा बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के अलावा खून लगा पत्थर, सखुआ का डंडा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।