धनबाद में राज्यकर्मियों ने मनाया पेंशन पुनर्बहाली दिवस, नेत्रहीन विद्यालय में काटा केक

धनबाद में राज्यकर्मियों ने मनाया पेंशन पुनर्बहाली दिवस, नेत्रहीन विद्यालय में काटा केक

डीजे न्यूज, धनबाद : JHAROTEF प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर धनबाद जिले के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सोमवार 1 सितंबर  को “पेंशन पुनर्बहाली दिवस” (OPS RESTORATION DAY) के रूप में मनाया।

झारखंड में 1 सितंबर 2022 को पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की ऐतिहासिक उपलब्धि के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यालयों एवं विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने OPS की बहाली को कर्मचारियों के एकजुट संघर्ष, त्याग एवं समर्पण की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया साथ ही राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री का अपने कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मंगलवार को नेत्रहीन विद्यालय धनबाद में चतुर्थ पेंशन दिवस का केक काटकर एवं बच्चों के बीच मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया गया तथा OPS की उपलब्धि को याद करते हुए कर्मचारियों के अधिकारों के लिए आगे भी एकजुट रहने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान यह भी संकल्प लिया गया कि OPS की उपलब्धि के बाद शिक्षक संवर्ग को MACP, राज्य कर्मियों को शिशु शिक्षण भत्ता, सभी कर्मचारियों को परिवहन भत्ता एवं सेवानिवृत्ति की उम्र 62 साल करने सहित अन्य लंबित मांगों एवं अधिकारों की पूर्ति हेतु संघर्ष जारी रखा जाएगा।

जिला कमेटी ने कहा कि OPS की उपलब्धि अंत नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अन्य लंबित अधिकारों की प्राप्ति के संघर्ष की नई शुरुआत है। एकजुटता हमारी शक्ति और संघर्ष हमारी पहचान है।

जिला कमेटी ने सभी कर्मचारियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों को पेंशन पुनर्बहाली दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी कर्मचारी हितों के लिए संगठित एवं एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

आज के कार्यक्रम में प्रांतीय महासचिव उज्ज्वल तिवारी, उप महासचिव ब्रजेश भट्ट, जिलाध्यक्ष जय होरो, संजय गिरी, लक्ष्मी नारायण, प्रमोद सिंह चौधरी, प्रवीण कुमारी, संध्या रानी, प्रियंका कुमारी, पूजा प्रियदर्शिनी, विनीता झा, सोनी कुमारी, बृजभूषण पांडेय, पंकज कुमार, डॉ कौशलेन्द्र तिवारी, सोनू सिंह, सुरेंद्र तुरी, राजा अंसारी, जयप्रकाश, रवि प्रकाश पाठक समेत अन्य शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top