इस्कॉन धनबाद में 2 से 4 सितंबर तक भक्ति की बहेगी गंगा
डीजे न्यूज, धनबाद: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर धनबाद में भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारी पूरी कर ली गई है। श्री श्री राधा गिरिधारी मंदिर, इस्कॉन धनबाद की ओर से आगामी 2, 3 एवं 4 सितंबर को तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन
क्लार्कस इन सूट्स, बलियापुर रोड, धनबाद में आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में श्रीकृष्ण जन्मकथा, धार्मिक अनुष्ठान, कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वैदिक मंत्रोच्चार और महाप्रसाद सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को शाम 4 बजे से श्रीकृष्ण जन्मकथा के साथ होगा। श्रद्धालु कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मलीला और उनके जीवन से जुड़े आध्यात्मिक प्रसंगों का श्रवण करेंगे।
3 सितंबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस दिन कृष्ण चरित्र मिलन, अस्तित्व नागरिक एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
वहीं, 4 सितंबर को जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन होगा। इस दौरान प्रातः पूजन विधि, मंगला आरती, श्रीजी का जन्मोत्सव, छप्पन भोग, वैदिक मंत्रोच्चार सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। शाम 4 बजे से रात्रि 12 बजे तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी।
इस्कॉन वृंदावन विहार की ओर से धनबादवासियों एवं सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे परिवार सहित इस पावन महोत्सव में शामिल हों और भगवान श्रीकृष्ण की लीला, कथा, कीर्तन एवं महाप्रसाद का आनंद लेकर भक्ति के इस पर्व को यादगार बनाएं।