बारिश ने खोली गिरिडीह नगर निगम की व्यवस्था की पोल, सड़कों पर जलजमाव से लोग परेशान : सुरेश साव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : लगातार हो रही बारिश के बीच गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र की बदहाल सड़क और जल निकासी व्यवस्था को लेकर भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने नगर निगम प्रशासन और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बारिश ने शहर की बुनियादी सुविधाओं और नगर निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है।
सुरेश साव ने कहा कि पटेल नगर, सिरसिया, सिहोडीह, झिंझरी मोहल्ला, बड़ा चौक, पंचबा, बरमसिया, शीतलपुर, मोहलीचुंआ, महथाडीह और अलकापुरी समेत कई इलाकों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। वहीं, नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई स्थानों पर बारिश का पानी सड़कों पर जमा है और लोगों के घरों व दुकानों में पानी घुसने से परेशानी बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करना नगर निगम प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी थी, लेकिन समय रहते तैयारी नहीं होने के कारण अब आम जनता को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में कई सड़कें जर्जर हैं और नालियां कचरे से भरी पड़ी हैं। जलजमाव से लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ जलजनित बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, जाम नालियों की युद्धस्तर पर सफाई कराने और गड्ढों वाली सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की।
सुरेश साव ने कहा कि जिन इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुसा है, वहां प्रशासनिक टीम भेजकर प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गिरिडीह में झामुमो के विधायक सह राज्य सरकार में मंत्री, मेयर और उप मेयर होने के बावजूद शहर की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब नगर विकास मंत्री के गृह जिला और गृह क्षेत्र में ही बुनियादी सुविधाओं की यह स्थिति है, तो पूरे झारखंड की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर बच्चों को स्कूल तक पहुंचने के लिए सुरक्षित रास्ता तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार ने भविष्य के लिए क्या व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।