MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो ने पंचायत स्तर पर तेज किया जनजागरण अभियान

MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में झामुमो ने पंचायत स्तर पर तेज किया जनजागरण अभियान

डीजे न्यूज, गिरिडीह : MMDR संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पंचायत स्तर पर जनजागरण अभियान तेज कर दिया है। केंद्रीय समिति एवं जिला समिति के निर्देश पर मंगलवार को सिकदारडीह पंचायत में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर विधेयक के संभावित प्रभावों को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करने की रणनीति बनाई गई।

बैठक में झामुमो जिला सह सचिव एवं पर्यवेक्षक दिलीप रजक ने कहा कि MMDR संशोधन विधेयक झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा से जुड़े अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ पंचायत स्तर तक लोगों को जागरूक करना जरूरी है।

प्रखंड सचिव (पूर्वी भाग, गिरिडीह) एवं पर्यवेक्षक सरफुद्दीन अंसारी ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों का अधिकार है। पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से इस मुद्दे पर मजबूती के साथ आवाज उठाएगी। वरिष्ठ पार्टी नेता कमल दास ने कहा कि पार्टी के निर्देश पर गांव-गांव जाकर लोगों को विधेयक के संभावित प्रभावों की जानकारी दी जाएगी।

मुखिया प्रतिनिधि महताब मिर्जा ने कहा कि झारखंड के हित और अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो कार्यकर्ता पूरी तरह एकजुट हैं। वहीं प्रखंड स्तरीय महिला नेत्री माला देवी ने महिलाओं एवं ग्रामीणों को भी जनजागरण अभियान से जोड़ने की बात कही।

बैठक में आगामी 07 सितंबर को सदर प्रखंड, गिरिडीह में MMDR संशोधन विधेयक के खिलाफ आयोजित होने वाले विशाल कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। पंचायत स्तर से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया l

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top