एकजुटता ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत : शमा परवीन
बालिका उच्च विद्यालय पचंबा में मनाई गई ओपीएस बहाली की चौथी वर्षगांठ
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बालिका उच्च विद्यालय, पचंबा में मंगलवार को झारखंड में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की चौथी वर्षगांठ कर्मचारियों के साथ उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर झारोटेफ महिला प्रकोष्ठ की प्रांतीय महासचिव शमा परवीन ने विद्यालय के कर्मचारियों के साथ मिलकर ओपीएस बहाली की वर्षगांठ मनाई।
इस अवसर पर शमा परवीन ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपनी एकता को हर परिस्थिति में बनाए रखना होगा, क्योंकि एकजुटता ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ओपीएस केवल पेंशन की व्यवस्था नहीं, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार है। कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर स्पष्ट एवं प्रभावी नियम बनाए जाने की आवश्यकता है, ताकि कर्मचारियों को उनका अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे आपसी एकता, विश्वास और संगठन के प्रति समर्पण बनाए रखें तथा कर्मचारी हितों के लिए हमेशा सजग रहें। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने ओपीएस बहाली के महत्व को याद करते हुए एक-दूसरे को बधाई दी और कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए अपनी एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया।