दो दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री के सलाहकार पहुंचे धनबाद
बीसीसीएल, पुनर्वास स्थलों और प्रमुख विकास योजनाओं की करेंगे समीक्षा
धनबाद आने के क्रम में की मां कल्यानेश्वरी की पूजा
डीजे न्यूज, धनबाद: प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। इस दौरान दुर्गापुर के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
दो दिवसीय दौरे के दौरान वे बीसीसीएल की विभिन्न खनन परियोजनाओं, अग्नि प्रभावित क्षेत्रों, पुनर्वास स्थलों का निरीक्षण करने के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।
वहीं दुर्गापुर एयरपोर्ट से निकलने के बाद तरुण कपूर ने मैथन स्थित प्रसिद्ध मां कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना की। जिसके बाद उन्होंने कोयला भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बीसीसीएल के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
वे मुनीडीह क्षेत्र में संचालित कोल बेड मीथेन प्रोजेक्ट एवं लॉन्गवॉल प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। कुसुंडा क्षेत्र के एना फायर प्रोजेक्ट का दौरा करेंगे तथा उच्च जोखिम वाले स्थलों के प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद करेंगे।
वहीं मंगलवार को झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया एवं करमाटांड़ स्थित पुनर्वास स्थलों का जायजा लेंगे। इसके बाद वे समाहरणालय सभागार में झरिया मास्टर प्लान, जेआरडीए, एनएचएआई, रेलवे, बीएसएनएल एवं टेलीकॉम विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक करेंगे।
प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर के दौरे के सफल संचालन के लिए उपायुक्त के निर्देशानुसार सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।