रूमा सिंह के निधन से कांग्रेस में शोक, नेताओं ने आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं जिला महिला कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती रूमा सिंह के निधन की खबर से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने आज तड़के अंतिम सांस ली। उनके निधन को कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।
रूमा सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय रविंद्र सिंह की पत्नी थीं। पार्टी संगठन के प्रति उनका लंबे समय तक समर्पण रहा और उन्होंने जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी।
उनके निधन की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया सहित कई कांग्रेस नेता उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद मनीर, बिलाल अहमद हुसैनी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश तुरी, धनंजय सिंह, उपेंद्र सिंह, बलराम यादव एवं शाहनवाज आलम सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
रूमा सिंह के निधन पर राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य नरेश वर्मा, मनीष वर्मा, संतोष दास, निजामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद निजाम, अशोक विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, देवानंद प्रजापति, परेश नाथ मित्र, मोहम्मद अली खान एवं सुलेमान अख्तर समेत कई लोगों ने शोक व्यक्त किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि श्रीमती रूमा सिंह ने अपना पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित कर दिया था। उनका निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।