कांवरियों की थकान दूर कर रहा भक्ति संगीत, श्रावणी मेले में छह जगहों पर रोज हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम
डीजे न्यूज, देवघर : राजकीय श्रावणी मेला में आने वाले कांवरियों को भक्तिमय माहौल देने के साथ उनकी थकान दूर करने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से विशेष पहल की गई है। मेला क्षेत्र के छह प्रमुख स्थलों पर प्रतिदिन शाम को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकार भजन, कीर्तन और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण का एहसास करा रहे हैं। कांवरिया पथ एवं मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के अधिक ठहराव वाले स्थानों को कार्यक्रमों के लिए चिन्हित किया गया है।
कार्यक्रम स्थलों पर मंच, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की समुचित व्यवस्था की गई है। दिनभर की लंबी पैदल यात्रा के बाद विश्राम कर रहे कांवरिये भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद उठा रहे हैं।
विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को मनोरंजन के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और मेला क्षेत्र में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है। इसका उद्देश्य श्रावणी मेला क्षेत्र में भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखना है।