गर्मी से परेशान छात्राओं को मिली राहत, रक्षाबंधन पर संकल्प संस्था ने विद्यालय को दिए पंखे
डीजे न्यूज, गिरिडीह : रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर संकल्प संस्था की ओर से उत्क्रमित मध्य विद्यालय शीतलपुर की छात्राओं को गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से दो पंखे उपहार स्वरूप प्रदान किए गए। विद्यालय के नवनिर्मित दो कमरों में पंखे नहीं होने के कारण छात्राओं को भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
छात्राओं और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बबीता रजक ने इस समस्या से संकल्प संस्था के जिला कोऑर्डिनेटर सोमनाथ केसरी को अवगत कराते हुए कम से कम चार पंखे और दो दरी की व्यवस्था कराने का आग्रह किया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद संस्था ने त्वरित पहल करते हुए दो दिनों के भीतर दो पंखों की व्यवस्था कर विद्यालय को उपलब्ध कराया।
संस्था की ओर से बताया गया कि आगामी कुछ दिनों में विद्यालय के लिए दो दरी और दो अन्य पंखों की व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर प्रधानाध्यापिका बबीता रजक ने संकल्प संस्था का आभार जताते हुए कहा कि छात्राओं की परेशानी को देखते हुए महज दो दिनों के भीतर दो पंखों की व्यवस्था करना सराहनीय पहल है। उन्होंने संस्था के इस सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका पूनम झा, संचिता मंडल, संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, सुरेंद्र मेहता, गंगाधर पाठक, दीपाली कुमारी, नैना कुमारी सहित छात्राएं रूपाली, दीपा, प्रीति, अनन्या, आराध्या, स्मृति, रिया, सुसमा, स्वराज, खुशी, प्रीति, रानी आदि मौजूद थीं। सभी ने संकल्प संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।