साढ़े छह सौ साल पुरानी परंपरा के बीच पालगंज में झूलन महोत्सव का आगाज
डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज स्थित श्री बंशीधर मंदिर में सोमवार से पांच दिवसीय झूलन महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। करीब साढ़े छह सौ वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत श्रावण शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक झूलन महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति गीतों से गूंज उठा।
महंत पंडित शिशिर कुमार भक्त ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत एकादशी की रात जागरण के साथ हुई। पूर्णिमा की रात जागरण के साथ महोत्सव का समापन होगा। पांच दिनों तक प्रत्येक रात आठ बजे से रात 11 बजे तक भगवान श्री बंशीधर जी महाराज सिंहासन से उतरकर झूले पर विराजमान होते हैं। इस दौरान श्रद्धालु भगवान को झूला झुलाकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
झूलन के बाद भगवान का विशेष श्रृंगार और आरती की जाती है। इसके पश्चात भजन मंडली द्वारा भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाती है। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, आरती और भगवान को भोग लगाने की विशेष व्यवस्था की गई है।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान श्री बंशीधर का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं के जयकारों और भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।
मौके पर महंत शिशिर कुमार भक्त, शरत कुमार भक्त, ग्रीष्म कुमार भक्त, निकुंज केतन भक्त, प्राण भक्त, बासुकीनाथ उपाध्याय, चरित्र केतन भक्त, भुवन भक्त, विपुल वत्सल, सहदेव पंडित, धीरज कुमार, पवन मंदिलवार, सोनू लोहानी समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।