धनबाद के प्रमुख चौराहों पर चला “राखी फॉर रोड सेफ्टी” अभियान स्कूली बच्चों ने वाहन चालकों को रक्षासूत्र बांधकर लिया सुरक्षित सफर का वचन

धनबाद के प्रमुख चौराहों पर चला “राखी फॉर रोड सेफ्टी” अभियान

स्कूली बच्चों ने वाहन चालकों को रक्षासूत्र बांधकर लिया सुरक्षित सफर का वचन

डीजे न्यूज, धनबाद: रक्षाबंधन के अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन में यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को धनबाद शहर के प्रमुख चौराहों पर “सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया।

इस अनूठे अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शहर के व्यस्ततम चौराहों पर तैनात रहकर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों की कलाई पर रक्षासूत्र (राखी) बांधा और उनसे अपनी व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भावनात्मक वचन लिया।

सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सिटी सेंटर चौक, पूजा टॉकीज, स्टील गेट, गोल बिल्डिंग और मेमको मोड़ पर क्रमवार जागरूकता अभियान चलाया गया।

बच्चों ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, ओवर-स्पीडिंग से बचने और यातायात संकेतों का कड़ाई से पालन करने का संकल्प कराया।

राहगीरों और वाहन चालकों ने बच्चों के इस भावनात्मक प्रयास की सराहना की और नियमों के अनुपालन का भरोसा दिया। बिना हेलमेट मिले चालकों को रोककर बच्चों ने स्नेहपूर्वक उन्हें जीवन रक्षा का महत्व समझाया।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से पुनः अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत बनाएं। सुरक्षित ड्राइविंग से ही दुर्घटनाओं में होने वाली जन-धन की हानि को रोका जा सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top