शिवालयों में दिखीं धार्मिक आस्था और भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट विश्वास
बाबा भूतनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब
महाकाल की तर्ज पर भव्य आरती और दिव्य श्रृंगार बना आकर्षण का केंद्र
डीजे न्यूज, धनबाद: सावन की अंतिम सोमवारी पर धनबाद के विभिन्न शिवालयों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मटकुरिया स्थित प्रसिद्ध बाबा भूतनाथ मंदिर में महिला, पुरुष और बच्चे पूरे श्रद्धा भाव के साथ भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने का आशीर्वाद मांग रहे हैं।
बाबा भूतनाथ मंदिर में भक्ति का अलौकिक रूप देखने को मिला। मंदिर परिसर में विद्वान ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के बीच बाबा भूतनाथ की उज्जैन के प्रसिद्ध बाबा महाकाल की तर्ज पर भव्य आरती की गई।
आरती के बाद बाबा का मनमोहक और दिव्य श्रृंगार किया गया तथा विशेष भोग अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय महाकाल के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।
मंदिर समिति के अनुसार, पिछले दो वर्षों से सावन की अंतिम सोमवारी पर महाकाल की तर्ज पर भव्य आरती की यह विशेष परंपरा निभाई जा रही है और आगे भी इसे पूरे धूमधाम के साथ जारी रखा जाएगा।
श्रद्धालुओं का कहना है कि बाबा भूतनाथ के दरबार में पहुंचने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है और कोई भी श्रद्धालु खाली हाथ वापस नहीं लौटता।
विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आरती को लेकर मंदिर के पुजारी ने बताया कि विद्वान ब्राह्मणों के दिशा-निर्देशन में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया गया।