ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बेंगाबाद थाना क्षेत्र के नवडीहा मुख्य मार्ग पर देवाटांड़ गांव के पास सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान धोधो गांव निवासी शाहिदा खातून के रूप में हुई है।
बताया गया कि शाहिदा खातून अपने पति बसरूद्दीन अंसारी के साथ बाइक से झबदाटांड़ गांव जा रही थीं। इसी दौरान देवाटांड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शाहिदा खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बसरूद्दीन अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मार्ग को जाम कर दिया। इधर, हादसे के बाद भाग रहे ट्रक का ग्रामीणों ने पीछा किया और नवडीहा के पास उसे पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।