बेंगाबाद-गांडेय के 100 शिक्षक हुए प्रशिक्षित, बच्चों की गणितीय क्षमता बढ़ाएगा ‘मोबाइल गुरु’

बेंगाबाद-गांडेय के 100 शिक्षक हुए प्रशिक्षित, बच्चों की गणितीय क्षमता बढ़ाएगा ‘मोबाइल गुरु’

डीजे न्यूज, गिरिडीह : बच्चों की बुनियादी गणितीय समझ को मजबूत करने के लिए गिरिडीह जिले में ‘मोबाइल गुरु’ पहल को गति दी जा रही है। यूथ इंपैक्ट के सहयोग से बेंगाबाद और गांडेय प्रखंड के 100 शिक्षकों को मोबाइल आधारित शिक्षण पद्धति का प्रशिक्षण दिया गया है।

इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 3 से 5 के विद्यार्थियों को स्कूल अवधि के बाद मोबाइल के माध्यम से गणित का अतिरिक्त अभ्यास कराया जाएगा। इसमें दो अंकों का जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसे बुनियादी कौशल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मोबाइल आधारित शिक्षण सामग्री के जरिए बच्चों को सरल एवं रुचिकर तरीके से गणित सिखाने की योजना है।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करना और सीखने के स्तर में सुधार लाना है। इसके साथ ही डिजिटल तकनीक को शिक्षा से जोड़कर बच्चों को अतिरिक्त सीखने के अवसर उपलब्ध कराना भी पहल का प्रमुख लक्ष्य है।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में है। तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक इस्तेमाल कर बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षित शिक्षकों को मोबाइल आधारित संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने और बच्चों की प्रगति पर नियमित नजर रखने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की नियमित निगरानी करते हुए इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। इस पहल को जिले में डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top