उपायुक्त ने ‘स्पेशल बच्चों’ को कराई देवघर में मुफ्त हवाई यात्रा
राजकीय श्रावणी मेले में चल रही विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का बच्चों ने उठाया आनंद
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए 25 बच्चों को बारी-बारी से कराई गई आकाश की सैर
डीजे न्यूज, देवघर : झारखंड सरकार और नागर विमानन (JFI)के सौजन्य से विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा देवतुल्य श्रद्धालुओं व आमजन की सुविधा के लिए देवघर में विशेष हेलीकॉप्टर सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज एक बेहद सराहनीय पहल के तहत उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की उपस्थिति में आज ‘सरस कुंज’ के दिव्यांग और स्पेशल बच्चों को हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा कराई गई।
संवेदनशील पहल, बच्चों के लिए बना यादगार दिन
उपायुक्त की सोच थी कि श्रावणी मेले के तहत चल रही इस महत्वपूर्ण हवाई सेवा का लाभ समाज के हर वर्ग, विशेषकर इन खास बच्चों को भी मिले। इस पहल के तहत सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण ध्यान रखते हुए, सरस कुंज के कुल 25 बच्चों को बारी-बारी से हेलीकॉप्टर के जरिए आसमान की सैर कराई गई। जैसे ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे। बच्चों के लिए आकाश से देवघर और बाबाधाम की मनोरम वादियों को देखना एक जादुई और कभी न भूलने वाला अनुभव रहा। हवाई सफर का आनंद लेने के बाद सरस कुंज के बच्चों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इस पूरे अनुभव को जीवन का सबसे यादगार पल बताया। बच्चों और संस्थान के संचालकों ने इस अनूठी पहल और संवेदनशील सोच के लिए उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया का सहृदय आभार व्यक्त किया।
पर्यटन और सुलभता को मिल रहा बढ़ावा
ज्ञात हो कि झारखंड सरकार द्वारा शुरू की गई इस हेलीकॉप्टर सेवा का मुख्य उद्देश्य वृद्ध, दिव्यांग श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को कम समय में सुलभ व सुरक्षित हवाई दर्शन की सुविधा प्रदान करना है। जिला प्रशासन इस सेवा के जरिए न केवल देवघर में धार्मिक पर्यटन को नए आयाम दे रहा है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और विशेष बच्चों को भी खुशियों की नई उड़ान दे रहा है।
इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अंचलाधिकारी देवघर अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं सरस कुंज के बच्चे संबंधित दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।