मधुबन में सावन सप्तमी को ले उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, चढ़ाया गया 2300 किलो का निर्वाण लाडू

मधुबन में सावन सप्तमी को ले उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, चढ़ाया गया 2300 किलो का निर्वाण लाडू

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल मधुबन में सावन सप्तमी के अवसर पर बुधवार को निर्वाण महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के वातावरण में मनाया गया। इस दौरान मधुबन से लेकर पारसनाथ पर्वत तक भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे गूंजते रहे। हजारों जैन श्रद्धालुओं ने पर्वत वंदना कर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की और पारसनाथ पर्वत स्थित टोंक पर विधि-विधान से निर्वाण लाडू अर्पित किया। दिगंबर समुदाय की ओर से इस वर्ष विशेष श्रद्धा के साथ 2300 किलो का एक विशाल निर्वाण लाडू, 23 किलो के 23 लाडू और एक किलो के 123 लाडू भगवान पार्श्वनाथ के चरणों में अर्पित किए गए। विशाल लाडू को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरा पर्वत क्षेत्र भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा। सुबह से ही मधुबन में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। हाथों में पूजा सामग्री और भगवान की प्रतिमा लेकर श्रद्धालुओं के जत्थे पैदल पर्वत वंदना के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु भक्ति गीत और भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे लगाते हुए पर्वत की चढ़ाई करते रहे। टोंक पर पहुंचने के बाद अभिषेक, पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद श्रद्धापूर्वक निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद श्रद्धालु वापस मधुबन लौटे। तोरण द्वार से सजा मधुबन निर्वाण महोत्सव को लेकर मधुबन को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। जगह-जगह तोरण द्वार बनाए गए थे। विभिन्न जैन संस्थाओं की ओर से मधुबन मोड़ से लेकर पर्वत मार्ग तक श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शर्बत, दवा, नाश्ता और मिठाई की व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए थे। श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर की गई व्यवस्थाओं की सभी ने सराहना की। गुरुवार को श्वेतांबर समाज चढ़ाएगा निर्वाण लाडू निर्वाण महोत्सव के तहत गुरुवार को श्वेतांबर समुदाय की ओर से भगवान पार्श्वनाथ को निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा। इसके लिए श्वेतांबर समाज के श्रद्धालुओं का जत्था गुरुवार को पारसनाथ पर्वत की ओर रवाना हुआ। इससे मधुबन में धार्मिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। दुकानदारों के चेहरे पर लौटी रौनक निर्वाण महोत्सव के कारण मधुबन बाजार में भी काफी चहल-पहल रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूजा सामग्री, धार्मिक वस्तुओं और अन्य सामान की दुकानों पर भीड़ रही। इससे स्थानीय कारोबारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई। दुकानदारों ने बताया कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आमद से बाजार में रौनक लौटी है और कारोबार को भी गति मिली है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top