बगोदर में भाजपा नेता मिथिलेश यादव की हत्या का खुलासा, होटल मालिक समेत 2 गिरफ्तार
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र में भाजपा नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव (27) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में शामिल होटल मालिक और उसके स्टाफ को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुफ्त बियर और पुराने विवाद में वारदात
पुलिस जांच में सामने आया कि 14 अगस्त की रात करीब 1:45 बजे मिथिलेश यादव नशे की हालत में घाघरा स्थित एक लाइन होटल में बियर पीने पहुंचे थे। बियर के पैसे को लेकर होटल मालिक महेश रजक और स्टाफ सीमा ठाकुर से उनका विवाद हो गया। पुरानी रंजिश और बकाया पैसे न देने के कारण दोनों आरोपियों ने मिथिलेश की हत्या की योजना बनाई।
टांगी और सब्बल से हमला कर हत्या
जब मिथिलेश अपनी बाइक से लौटने लगे, तो आरोपियों ने पैशन बाइक से 500 मीटर तक उनका पीछा किया। सर्विस रोड पर मिथिलेश के बाइक से गिरने के बाद दोनों ने टांगी और सब्बल से प्रहार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
सड़क दुर्घटना दिखाने की नाकाम कोशिश
वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपियों ने मिथिलेश की बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और शव को सर्विस रोड पर लिटा दिया। इसके बाद हथियार छिपा दिए।
पुलिस कार्रवाई और बरामदगी
बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त:
महेश रजक (38 वर्ष, होटल मालिक)
सीमा ठाकुर (58 वर्ष, होटल स्टाफ)
बरामदगी: आला-ए-कत्ल (टांगी व सब्बल), बिना नंबर की लाल पैशन बाइक और मोबाइल।