विकास योजनाओं को ससमय पर करें पूर्ण : उपायुक्त रामनिवास यादव

विकास योजनाओं को ससमय पर करें पूर्ण : उपायुक्त रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में चल रही विकास योजनाओं की रफ्तार, गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक के दौरान विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, लघु सिंचाई, भवन प्रमंडल, एनआरईपी, पथ प्रमंडल, भूमि संरक्षण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की विभागवार एवं योजनावार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से पूर्ण एवं लंबित योजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्य की प्रगति और सामने आ रही बाधाओं की जानकारी ली।

उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं का सीधा संबंध आम जनता की सुविधा और जिले के समग्र विकास से है। इसलिए अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। सड़क, भवन, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सिंचाई सहित सभी आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराए जाएं।

उन्होंने सभी तकनीकी पदाधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण और स्थल निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया। धीमी गति से चल रही एवं लंबे समय से लंबित योजनाओं में तेजी लाने को लेकर भी उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि किसी योजना के क्रियान्वयन में तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य किसी प्रकार की बाधा आने पर इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि संबंधित समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके।

विद्युत तारों को सुव्यवस्थित करने का निर्देश

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी के अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में लटक रहे एवं अव्यवस्थित विद्युत तारों को सुव्यवस्थित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित निरीक्षण करते हुए विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ी समस्या उत्पन्न न हो।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सभी विभागों एवं कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं प्रभावी फील्ड निरीक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्य में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-1 एवं 2 के कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी के पदाधिकारी, भवन प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, लघु सिंचाई, पथ प्रमंडल, एनआरईपी, भूमि संरक्षण समेत विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top