बगोदर प्रखंड कार्यालय पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त, SIR से लेकर राजस्व कार्यों तक की ली जानकारी

बगोदर प्रखंड कार्यालय पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त, SIR से लेकर राजस्व कार्यों तक की ली जानकारी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को बगोदर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने SIR राजस्व कार्यों, विकास योजनाओं, जनशिकायतों तथा कार्यालयीन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करते हुए प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आयुक्त के बगोदर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

SIR की प्रगति की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे SIR की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों, प्राप्त दावा-आपत्तियों तथा उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सीमा का अक्षरशः पालन करने तथा दावा-आपत्ति के मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया।

राजस्व मामलों में तेजी लाने का निर्देश

आयुक्त ने अंचल कार्यालय के राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान राजस्व संग्रह, लंबित राजस्व मामलों, विभिन्न प्रमाण-पत्रों तथा भूमि से संबंधित मामलों की जानकारी ली गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्रशासन सीधे आम लोगों से जुड़ा है, इसलिए मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।

योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर

प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभुकों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ नियमित अनुश्रवण पर भी जोर दिया।

जनशिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता जरूरी

आयुक्त ने आमजनों से प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुशासन की महत्वपूर्ण कसौटी है। कार्यालय आने वाले नागरिकों को आवश्यक प्रशासनिक सेवाएं सम्मानपूर्वक और सुगमता से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

बायोमेट्रिक उपस्थिति और अनुशासन की भी जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों की समय पर कार्यालय उपस्थिति, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और कार्यालयीन अनुशासन की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा आम लोगों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही, समयबद्धता और जनोन्मुखी दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया।

 

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर-सरिया संतोष गुप्ता, बीडीओ बगोदर निशा कुमारी, सीओ बगोदर प्रवीण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top