रंगदारी वसूली का विरोध करने पर आरक्षी पर हमला, गिरफ्तार
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : गोविंदपुर बाजार में दुर्गामंदिर के समीप टेंपो वालों से रंगदारी वसूलने का विरोध करने पर सिटी हॉक्स 30 नंबर के आरक्षी राजेश कुमार महतो पर जानलेवा हमला करने के आरोपी विलेज रोड निवासी सुकुमार बाउरी उर्फ नरेश बाउरी को गोविंदपुर पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। इस संबंध में आरक्षी राजेश कुमार महतो के आवेदन पर गोविंदपुर पुलिस ने बीएनएस की धारा 126(2), 127( 2), 115(2), 109, 3(5) के तहत कांड अंकित किया है। महतो ने प्राथमिकी में लिखा है कि वह गोविंदपुर बाजार में ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान नरेश बाउरी टेंपो वालों से रंगदारी वसूली कर रहा था। जब उन्होंने बाउरी का विरोध किया तो जान मारने की नीयत से उनके माथे पर रड से प्रहार कर दिया व सरकारी काम में बाधा डाला। इस बीच उन्होंने एएसआई ठाकुर आजाद सिंह को बुलाया तो बाउरी उनके साथ भी मारपीट करने लगा ला। इस संबंध में सरकारी काम में बाधा डालने, टेंपो वालों से रंगदारी वसूलने और जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। महतो ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में अपना इलाज कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।