प्रमाणपत्रों को लेकर असमंजस दूर करने के लिए तेलोडीह में लगा विशेष दस्तावेज सत्यापन शिविर
डीजे न्यूज,पचंबा,गिरिडीह :. SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान जाति, आवासीय, आय और जन्म प्रमाणपत्र बनवाने को लेकर ग्रामीणों में दस्तावेज संबंधी असमंजस और त्रुटियों की समस्या को देखते हुए तेलोडीह पंचायत सचिवालय में एकदिवसीय कागजात सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुखिया शब्बीर आलम ने अंचल अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों के सहयोग से सैकड़ों ग्रामीणों के दस्तावेजों का सत्यापन कराया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों के कारण पंचायत सचिवालय परिसर में दिनभर भारी भीड़ देखी गई।
मुखिया शब्बीर आलम ने बताया कि SIR के दौरान मतदाता सूची से संबंधित त्रुटियों और प्रमाणपत्रों में आवश्यक दस्तावेजों को लेकर ग्रामीणों में काफी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी समस्या के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर दस्तावेज सत्यापन शिविर आयोजित किया गया, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके और प्रमाणपत्र बनाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिविर में आए ग्रामीणों ने जाति, आवासीय, आय और जन्म प्रमाणपत्र के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जांच कराई तथा अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पुनः 24 अगस्त को शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि SIR से जुड़े दस्तावेजी कार्यों में ग्रामीणों को राहत मिल सके।