नशे के खिलाफ सरिया की बेटियों ने बुलंद की आवाज, 185 छात्राओं ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प
डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : समाज को नशामुक्त बनाने और 10 करोड़ लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत सरिया स्थित कन्या मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 185 छात्राओं ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, संस्कारयुक्त एवं बेहतर जीवन जीने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी अनीता मंडल, किरण देवी, नीलम देवी, मिट्ठू विश्वकर्मा, ब्रह्माकुमार अरुण गुप्ता एवं मेघलाल मंडल ने छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस दौरान छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा ली।
कार्यक्रम के समापन पर ब्रह्माकुमारी अनीता मंडल ने अभियान से संबंधित प्रमाण-पत्र विद्यालय की प्राचार्या को प्रदान किया। आयोजकों ने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।