सावन के रंग में रंगा इनर व्हील सनशाइन का मिलन समारोह, बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की ओर से क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला के आवास पर सावन मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में सावन की उमंग के साथ सामाजिक सरोकार का संदेश भी देखने को मिला।
कार्यक्रम में क्लब सदस्यों के बच्चों के लिए “सेव वाटर–सेव एनवायरनमेंट” थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला एवं आईएसओ नमिता जमवार के संयोजन में हुई प्रतियोगिता में बच्चों ने धरती मां, पेड़-पौधे, जल और प्रकृति के विभिन्न रूपों को अपनी वेशभूषा के माध्यम से प्रस्तुत किया।
बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनकी आकर्षक वेशभूषा और जागरूकता से जुड़े संदेशों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। सभी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए “नेचर गार्जियन–प्राकृतिक संरक्षक” ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में गिरिडीह की मेयर प्रमिला मेहरा ने भी क्लब सदस्य के रूप में भाग लिया। उन्होंने अन्य सदस्यों के साथ सावन मिलन की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम में पारिवारिक रिश्तों को भी विशेष महत्व दिया गया। मां-बेटी, मां-बेटा, सास-बहू और देवरानी-जेठानी की जोड़ियों ने सावन गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा सावन से जुड़े विभिन्न मनोरंजक गेम्स, हौजी और अन्य गतिविधियों ने समारोह को और भी जीवंत बना दिया। सदस्यों को हरी चूड़ियां, बिंदी और आकर्षक उपहार भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर PDC पूनम सहाय, IPP कविता राजगढ़िया, वाइस प्रेसिडेंट स्मृति आनंद, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, ट्रेजरर रश्मि गुप्ता और एडिटर समा परवीन सहित क्लब के लगभग 50 सदस्य उपस्थित रहे।
स्वादिष्ट अल्पाहार और भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सावन की खुशियों, रिश्तों की आत्मीयता और “जल बचाओ–पर्यावरण बचाओ” के संदेश ने समारोह को यादगार बना दिया।