मधुबन मुख्य मार्ग पर आवारा पशुओं का कब्जा, हादसे की आशंका से सहमे राहगीर
डीजे न्यूज,मधुबन,गिरिडीह : मधुबन मुख्य मार्ग पर इन दिनों आवारा पशुओं का जमावड़ा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। पारसनाथ पहाड़ की तलहटी से लेकर मधुबन मोड़ तक सड़क के विभिन्न हिस्सों में दिन-रात गाय, बछड़े और कुत्ते सड़क पर घूमते अथवा बैठे नजर आते हैं। इससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर अचानक पशुओं के आ जाने से वाहन चालकों को अपना संतुलन बनाए रखने में काफी परेशानी होती है। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। अंधेरे में सड़क पर बैठे पशु आसानी से नजर नहीं आते और अचानक सामने आने पर बाइक समेत अन्य वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा पशुओं के कारण पूर्व में कई छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं।
मधुबन मुख्य मार्ग पारसनाथ आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण रास्ता है। इस मार्ग पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती रहती है। ऐसे में सड़क पर पशुओं का जमावड़ा यातायात व्यवस्था के लिए भी परेशानी खड़ी कर रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पशुओं को सड़क से हटाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद वे दोबारा सड़क पर आ जाते हैं। लोगों ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। ग्रामीणों ने संबंधित जिम्मेदार लोगों से भी सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।